Tuesday 28 June 2022 02:11 PM IST : By Ruby Mohanty

ऑमलेट तरह-तरह के

omellete

ऑमलेट एक एेसी डिश है, जो बहुत आसानी से बनाया जा सकता है। लेकिन हर रोज एक ही तरह से ऑमलेट खा कर बोर हो गए हों, तो ट्राई करें कुछ डिफरेंट और टेस्टी ऑमलेट।

स्पेनिश ऑमलेट 

सामग्री: 1 छोटा आलू बारीक कटा, 1/2 कप प्याज बारीक कटा, 1/2 कप पत्ता गोभी बारीक कटी हुई बारीक, 2 बड़े चम्मच हरा धनिया बारीक कटा हुआ, 2 बड़े चम्मच तेल, 3 अंडे, 1/4 छोटा चम्मच काली मिर्च पाउडर और नमक स्वादानुसार। 

विधि: कड़ाही में तेल गरम करें। प्याज डाल कर भूनें। आलू व नमक डाल कर भूनें। आलू पक जाए, तो इसे कड़ाही से निकाल लें। अब अलग बरतन में 3 अंडे तोड़ लें। इसमें बारीक कटा धनिया मिलाएं। अपने स्वाद के हिसाब से नमक मिलाएं। अच्छी तरह मिक्स करें। अब अंडे के घोल में भुने हुए आलू का मिक्सचर मिलाएं। पैन में तेल गरम करें। अंडे का मिश्रण डालें। उलट पलट कर सेंक लें। 

बटर ऑमलेट

सामग्री: 2 अंडे, 1/2 बड़ा चम्मच बटर, स्वादानुसार नमक और 1/4 छोटा चम्मच काली मिर्च। 

विधि: अंडों का पीला भाग और सफेद भाग अलग-अलग 3 मिनट तक फेंटें। अब इन्हें एक साथ मिला कर फिर फेंटे। नॉनस्टिक तवे को हल्का गरम करें। इसमें मिश्रण डालें। इस पर नमक और काली मिर्च बुरक लें। आधा चम्मच बटर भी डालें। दो मिनट के लिए ढक दें। इसे दूसरी तरफ से नहीं सेंकें। गरमागरम परोसें। 

टर्किश ऑमलेट

सामग्री: 3 अंडे, 1 प्याज बारीक कटा हुआ, 1 शिमला मिर्च बारीक कटी हुई, 1 टमाटर बारीक कटा हुआ और स्वादानुसार नमक। 

विधिः कड़ाही में 2 चम्मच ऑलिव ऑइल डाल कर प्याज भूनें। इसमें शिमला मिर्च डाल कर भूनें। थोड़ी देर बाद उसमें टमाटर डालें। इसमें नमक डालें। काली मिर्च बुरकें। अब इसमें अंडे को फेंट कर ऊपर से डालें और सेट होने तक के लिए रखें।

चटपटा ऑमलेट 

सामग्रीः 3 अंडे, 1 बड़ा प्याज बारीक कटा, 1 बड़ा टमाटर बारीक कटा, 2 बड़े चम्मच हरा धनिया बारीक कटा, 1 छोटा चम्मच अदरक कसा हुआ, स्वादानुसार नमक,1/4 छोटा चम्मच काली मिर्च, 1/2 छोटा चम्मच लाल मिर्च, 1/4 छोटा चम्मच चाट मसाला और 2 बड़े चम्मच तेल।

विधि: तवे में 1 चम्मच तेल डालें। प्याज टमाटर भूनें। नमक मिलाएं। एक बरतन में अंडा, नमक, सभी मसालों को डाल कर मिलाएं। अच्छी तरह फेंटें। अब इसे तवे पर डाल दें। किनारे से तेल डालें। थोड़ी देर बाद इसे पलट कर, तेल डाल कर सेंक लें। सादे फुलके के साथ खाएं।